रायबरेली। एक मामले में गवाही के लिए दो दरोगाओं को समन तामील न करवा पाने पर कोर्ट ने एसपी अमेठी को शोकाज नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।
दीवानी कचहरी स्थित कोर्ट संख्या-तीन के अपर सत्र न्यायाधीश जैगम उद्दीन ने एसपी को 11 सितंबर को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कारण स्पष्ट करने को कहा है। साथ ही कोर्ट ने टिप्पणी की है कि क्यों न आपके विरुद्ध अवमानना का मामला उच्च न्यायालय को संदर्भित किया जाए।
गौरतलब है कि मोहनगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा एक एनडीपीएस एक्ट का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसमें मोहनगंज थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष रामराघव सिंह व एसआई सुरेशचंद्र को गवाही के लिए कोर्ट में तलब किया गया था, लेकिन अब तक दोनों पर कोर्ट से जारी समन को तामील नहीं कराया जा सका है। इस पर कोर्ट ने सख्त रवैया अपनाते हुए एसपी अमेठी को शोकाज नोटिस जारी किया।