मारपीट के मामले में 12 पर केस, चार गिरफ्तार
क्रासर
दो पक्षों में हुआ था विवाद, एक दूसरे को दी थी धमकी
बीचबचाव पर प्रधान के वाहन के तोड़े शीशे
अमर उजाला ब्यूरो
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों ओर से मिली तहरीर पर12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चार नामजदों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मारपीट के दौरान बीच बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान के वाहन पर हमला बोल कर कुछ लोगों ने उनके वाहन के शीशे तोड़ दिए। प्रधान की तहरीर पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गौरतलब है कि चकगजराज गांव में पुरानी रंजिश के चलते रामबाबू लोध व मिश्रीलाल लोध के परिवारीजनों के बीच गालीगलौज के बाद लाठी, डंडे व कुल्हाड़ी चल गए थे। इसी दौरान उधर से निकल रहे ग्राम प्रधान राम नरेश लोध अपना चार पहिया वाहन खड़ा करके झगड़े का कारण पूछने लगे, तभी मिश्रीलाल लोध के पक्ष के मुकेश, राहुल, अजय कुमार निवासी केदारखेड़ा थाना बिहार जिला उन्नाव, इंद्रजीत निवासी लालपुर मजरे बरौंडी ने ग्राम प्रधान के वाहन पर हमला बोलकर शीशे तोड़ दिए। विरोध करने पर गाली गलौज की।
मारपीट के मामले में पुलिस ने रामबाबू की तहरीर पर अरविंद, रामचंद्र, सीमा, मोनी, इंद्रजीत, मुकेश, राहुल व अजय के विरुद्ध तथा दूसरे पक्ष की विमलेश उर्फ मोनी की तहरीर पर रामबाबू, सुरेश, अमित एवं राजू के विरुद्ध मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है। प्रधान की तहरीर पर भी केस दर्ज किया गया। एसओ संजय सिंह ने बताया कि इंद्रजीत, मुकेश, राहुल और अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है।