बछरावां (रायबरेली)। दयानंद पीजी कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार को दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। इस वारदात से हड़कंप मच गया।
प्राचार्य डॉ. रामनरेश ने तत्काल इसकी सूचना बछरावां थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो हकीकत सामने आ गई।
पुलिस के मुताबिक किसी बात से खफा होकर मौसी के दामाद ने ही युवक का अपहरण किया था। बाद में उसे छोड़ दिया। पुलिस टीम युवक को लाने रवाना हो गई है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामनरेश ने बताया कि महाविद्यालय के कर्मचारी लालगंज रोड निवासी शिवशंकर महाविद्यालय के जनरेटर के लिए डीजल भराने पेट्रोल पंप गया था।
साइकिल से लौटते समय इंडोर स्टेडियम के पास दो नकाबपोश बाइक सवार लोग उसे जबरन बाइक पर बैठा ले गए। आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना तत्काल महाविद्यालय आकर दी।
प्राचार्य ने इसकी सूचना तत्काल बछरावां थाने को दी। खबर पाकर क्षेत्राधिकारी गोपीनाथ सोनी, थानाध्यक्ष जीडी शुक्ला मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटना के छह घंटे के अंदर ही अपहृत हुए युवक को खोज निकाला।
थानेदार जीडी शुक्ला ने बताया कि लगातार युवक के मोबाइल व उसके अन्य नाते-रिश्तेदारों से संपर्क साधा जा रहा था। जानकारी प्राप्त हुई है कि उसके मौसी के दामाद ने किसी बात से खफा होकर युवक का अपहरण किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। दामाद उन्नाव जिले के संदाना का रहने वाला है। युवक को लाने पुलिस टीम भेजी गई है।