सफाई कर्मी ने की शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत
रोहनियां (रायबरेली)। ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र में तैनात एक सफाई कर्मी ने प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत कर बैठा। सूचना पर पहुंचे यूपी 100 के सिपाही उसे पकड़कर थाने लाए, लेकिन थाने पर पुलिस ने सुलह कराकर उसे छोड़ दिया। ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव में तैनात सफाई कर्मी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को सफाई करने के बहाने पहुंच गया और शिक्षिका से अश्लील हरकत करने लगा। शिक्षिका ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिपाही मौके पर पहुंचे और सफाई कर्मी को पकड़ कर थाने लाये। बताते हैं कि कुछ देर बाद पुलिस ने शिक्षिका को थाने बुलाया और दबाव बनाकर दोनों पक्षों में सुलह समझौता करवा दिया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि शिक्षिका के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोप में सफाई कर्मी को थाने लाया गया था लेकिन बाद में शिक्षिका ने कोई कार्रवाई न करने की बात कह कर आपस में सुलह समझौता कर लिया है।