रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र के पासिन का पुरवा में शनिवार की रात एक प्रापर्टी डीलर को गोलियों से भून दिया गया। उसके सीने और सिर के पास पांच गोलियां मारी गईं। खाली पड़े मकान की छत पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वारदात की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। हालांकि जिस तरीके से उसे गोलियां मारी गईं, उससे लगता है कि उसकी किसी से रंजिश या फिर प्रेम प्रसंग के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात में करीबियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के रानानगर निवासी शिवाकांत तिवारी (22) पुत्र सत्यनारायण तिवारी प्रापर्टी डीलर का काम करता था। रविवार की सुबह शहर क्षेत्र के पासिन का पुरवा गांव स्थित अंशू पंडित के खाली पड़े मकान की छत पर शिवाकांत का शव मिला। उसके सिर, सीने के पास चार गोलियां मारी गई थीं। मौके पर पानी और शराब की बोतलों के साथ ही दो गिलास पडे़ थे। बाइक की चाभी पड़ी थी।
सूचना मिलने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। जानकारी के बाद सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय और कोतवाल अशोक सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। कोतवाल का कहना है कि युवक के पिता सत्यनारायण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि युवक का खाली पडे़ मकान की छत पर शव मिला। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। अज्ञात में केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक मर्डर की कोई वजह स्पष्ट नहीं आई है। वारदात के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है। जल्द मर्डर का पर्दाफाश होगा।
पहले पी शराब और फिर मार दिया
वारदात स्थल का नजारा बयां कर रहा था कि हत्यारों ने बेरहमी से उसका युवक का मर्डर किया। मौके से आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक ने वहां मौजूद लोगों के साथ शराब पी। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का दावा है कि अंशू पंडित का मकान पासिन का पुरवा में है, लेकिन यहां पर कोई नहीं रहता। यहीं पर उसका कत्ल किया गया। पुलिस का मानना है कि वारदात में करीबियों का ही हाथ हो सकता है। जल्द इसका पर्दाफाश होगा।
मोबाइल से बात करते वक्त मारी गोली
मौके पर मृत पड़े शिवाकांत तिवारी के कान में मोबाइल लगा हुआ था। ऐसे में पुलिस का मानना है कि जिस समय युवक को गोली मारी गई, उस समय युवक किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। वह मोबाइल पर किससे बात कर रहा था, यह उसके मोबाइल के नंबर से ट्रेस करके जानने की कोशिश कर रही है। साथ ही पुलिस जिस मकान की छत पर युवक का शव मिला, वहां पर आसपास के रहने वालों से भी वारदात के बारे में पड़ताल कर रही है।