हादसों में दो महिलाओं की मौत, तीन घायल
रायबरेली-तिलोई। सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोेस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के छेदी का पुरवा गांव निवासी अरविंद यादव देर रात लखनऊ से बाइक से घर लौट रहा था। साथ में उसकी पत्नी पूनम यादव (40) भी थी।
रायबरेली-लखनऊ राजमार्ग पर छजलापुर के पास लखनऊ जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे पूनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
उधर, मोहनगंज थाना क्षेत्र में मूलरूप से रस्तामऊ की रहने वाली कमरुलजहां (52) पत्नी जुम्मन कई साल से रामपुर में रह रही थी।
इस समय महिला रस्तामऊ गांव गई थी। देर शाम को कमरुलजहां अपने बेटे गफ्फार के साथ साइकिल पर बैठकर रस्तामऊ से रामपुर जा रही थी।
तभी राजा फत्तेपुर गांव के पास बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे कमरुलजहां की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गफ्फार घायल हो गया।
साथ ही भिखनपुर एवं बाइक निवासी नासिर अहमद भी घायल हो गया। एसओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।