परशदेपुर (रायबरेली)। चौकी क्षेत्र में मियापुर मजरे मधुकरपुर में शुक्रवार को पोल पर ट्रांसफार्मर चढ़ाते समय करंट की चपेट में आने से हेल्पर की मौत हो गई, जबकि संविदा लाइनमैन झुलस गया।
उसे सीएचसी डीह में भर्ती कराया गया है। हेल्पर के पिता ने बिजली उपकेंद्र के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, एसडीओ सलोन प्रशांत कुमार ने बताया की मृतक पवन हेल्पर व हरिकेश संविदा कर्मी है। बिना शट डाउन लिए ही काम किया जा रहा था। इसलिए हादसा हो गया।
परशदेपुर कस्बा निवासी एवं हेल्पर पवन कुमार व डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी संविदा लाइनमैन हरिकेश द्विवेदी शुक्रवार को परशदेपुर चौकी क्षेत्र के मियापुर मजरे मधुकरपुर गांव में शिवभान गुप्ता के समरर्शिबल के लिए पोल पर ट्रांसफार्मर चढ़ाने गए थे।
ट्रांसफार्मर लगाते समय ही अचानक बिजली आ गई। इससे पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन हरिकेश करंट लगने से पोल से नीचे गिर गया। चपेट में आकर पवन भी गंभीर रूप से झुलस गया।
एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी डीह पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने पवन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हरिकेश का इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पवन के घर में कोहराम मच गई। पिता शंकरलाल व मां शांति ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से बेटे की जान गई है।