नौ के परमिट पर काट डाले 42 सागौन के पेड़
सलोन (रायबरेली)। क्षेत्र में प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटान निरंतर जारी है। कोतवाली क्षेत्र में वनमाफिया ने नौ पेड़ों के परमिट पर 42 सागौन के पेड़ काट डाले। क्षेत्रीय वन रक्षक ने ठेकेदार समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा इटारा निवासी दिलीप सिंह के खेत में सागौन के पेड़ लगे थे। दिलीप सिंह ने वन विभाग से नौ पेड़ काटे जाने का परमिट बनवाकर ठेकेदार पूर्णेद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू निवासी खम्हरिया पूरे कुशल को सौंप दिया था। ठेकेदार ने 42 सागौन के पेड़ काट डाले। मुखबिर की सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय वन रक्षक संजय यादव ने मौके पर मौजूद सागौन के 23 बोटे जब्त कर गांव के ही मोहन लाल यादव के सुपुर्द कर दिया। वन रक्षक संजय यादव ने सलोन कोतवाली में ठेकेदार पूर्णेंद्र प्रताप सिंह समेत पांच अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।