संदिग्ध हालात में युवक लापता, अपहरण की आशंका
सलोन (रायबरेली)। तीन हफ्ते पहले पिता-पुत्र पर हुए प्राणघातक हमले में पैरवी करने वाला भतीजा संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। गौरतलब है कि 2 अक्तूबर की रात भरतमिलाप देख कर जा रहे लवकुश तिवारी पुत्र जगदीश प्रसाद व उसके बेटे संदीप मिश्रा निवासी चेरशाह पर दबंगों ने जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद संदीप की मां फूलमती की तहरीर पर सात लोगों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले की पैरवी लवकुश का भतीजा भीम मिश्रा कर रहा था। 26 अक्तूबर को अचानक भीम मिश्रा लापता हो गया। उसकी बाइक भी नहीं मिली है। पिता बालकृष्ण की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक युवक 26 अक्तूबर को शाम चार बजे अपनी मोटर साइकिल से सलोन के लिए आया था, जिसके बाद से वह मोटर साइकिल समेत लापता है। युवक के पिता ने अपने लड़के के अपहरण की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर सौंपी है। फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि गायब हुए भीम मिश्रा की कॅाल डिटेल निकलवाई जा रही है।