रोजगार की तलाश में निकला युवक ट्रेन के आगे कूदा, मौत
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में स्थित रघुराज सिंह व निहस्था रेलवे स्टेशन के बीच बरभन खेड़ा गांव के पास गुरुवार की देर शाम एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। वह रोजगार की तलाश में घर से निकला था। पहले वह अपने मौसा और मौसी के घर गया। वहां से वापस लौटने के बाद ट्रेन से कटकर जान दे दी। युवक इलाहाबाद का रहने वाला था। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के अनुसार युवक गुरुवार को अपराह्न घटनास्थल के बगल में स्थित शंभूनाथ मंदिर परिसर के पास बैठा था। वह देखने में बहुत परेशान लग रहा था। वहां पर मौजूद मंदिर के पुजारी बाबा लोटनदास व अन्य लोगों को युवक ने बताया कि वह इलाहाबाद का निवासी है। इस दौरान उसने बताया की उसके मां, बाप नहीं हैं। इसके चलते वह अपने मौसी-मौसा के पास गया था। उन्होंने उसे एक हजार रुपये देकर कहा की कहीं जाकर कुछ काम करे। उसके पास केवल 150 रुपये बचे थे। कही पर नौकरी नहीं मिलने से वह बहुत परेशान है।
इस दौरान वह अपने पास मौजूद कागज में लिखे एक नंबर पर मोबाइल से किसी से बात करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसकी बात नहीं हो पा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक देर शाम युवक मंदिर के बगल में 50 मीटर दूर रेलवे पटरी के पास बैठ गया। कुछ देर बाद इलाहाबाद से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आई। तब युवक ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को शुक्रवार की सुबह हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर घटना स्थल पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष खीरों संजय सिंह ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने मैरून शर्ट, नीली जींस पहन रखी थी। थानाध्यक्ष खीरों ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक और उसके शव के पास से कोई भी कागजात या मोबाइल नहीं मिला है। मंदिर के आसपास के लोगों ने बताया कि वह इलाहाबाद का रहने वाला था। घटना की जांच की जा रही है।