पिता-पुत्र के हत्यारों को तलाश रही खाकी
रायबरेली। किसान मो. इलियास और उसके मासूम बेटे इकबाल की हत्या को 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस हत्या से जुड़े सुराग जुटाने के लिए संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। संपत्ति विवाद में डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है।
एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि हर बिंदु पर जांच कराई जा रही है। जल्द मर्डर का खुलासा होगा। गौैरतलब है कि नसीराबाद थाना क्षेत्र के डेहवा लखापुर गांव निवासी मो. इलियास (45) और उसके बेटे इकबाल (8) की सोमवार रात हत्या कर दी गई थी। इलियास का धारदार हथियार से गला रेत दिया गया था, जबकि उसके बेटे इकबाल को गला दबाकर मारा गया था।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज किया है। पुलिस घटना की तह तक जाने के लिए मृतक के घर आने जाने वाले लोगों के बारे में पता लगा रही है। साथ ही यह जानने की कोशिश कर रही है कि मृतक इलियास की किसी से कोई रंजिश तो नहीं थी। परिवारीजनों से किसी बात को लेकर कभी कोई विवाद तो नहीं हुआ था।
वारदात के बाद से गांव के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। सभी के मन में यही सवाल है कि आखिर इलियास और उसके बेटे का हत्यारा कौन है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिस खुलासे के नाम पर ढिलाई बरत रही है। जल्द खुलासा नहीं हुआ तो धरना प्रदर्शन होगा।