कार की टक्कर से बालिका की मौत
रायबरेली। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम कार ने सड़क पार कर रही बालिका को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला।
इससे गुस्साए नागरिकों व परिवारीजनों ने शव को रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर शव रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को हाईवे से हटाया और आवागमन बहाल कराया।
जायस कस्बे के कांशीराम कॉलोनी निवासी रामकेश की नौ वर्षीय बेटी मौसम सड़क को पार कर रही थी। अचानक जायस की तरफ से रायबरेली को जा रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और बालिका को रौंदते हुए निकल गई।
इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक मौसम कक्षा दो की छात्रा थी। जब तक लोग घटना स्थल पर पहुंचते, तब चालक वाहन लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस को भी फोन किया गया।
इसी बीच बालिका ने दम तोड़ दिया। गुस्साए परिवारीजनों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। मां रेनू का बेटी की मौत से रो-रोकर हाल बेहाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों को समझा बुझाकर हाईवे खाली कराया।
कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन ठप रहा। कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि कार की तलाश कराई जा रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।