संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत, बेटे पर जहर देकर मार डालने का आरोप
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के सिंघापुर भटौली गांव में बृहस्पतिवार को एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई व भतीजों पर 20 बीघे जमीन की खातिर पिता को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे बैसन मजरे घुरहट गांव निवासी हरि नारायण सिंह (90) के तीन लड़के हैं। इसमें रामकृष्ण सिंह अपनी ससुराल हसनपुर गोडवा थाना ऊंचाहार में रहता है। दूसरा लड़का नरसिंह बहादुर सिंह पैतृक गांव पूरे बैसन मजरे घुरहट थाना क्षेत्र सलोन में रहता है, जबकि तीसरा लड़का जय सिंह बहादुर अपने पिता के साथ ननिहाल में सिंघापुर भटौली थाना जगतपुर में रहता है। सुबह हरि नारायण सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर बड़ा बेटा राम सिंह घटनास्थल पर पहुंचा। रामकृ ष्ण सिंह ने जगतपुर थाने में तहरीर दी है कि उनके पिता हरि नारायण सिंह (90) को उनके छोटे भाई जय सिंह बहादुर एवं भतीजे अभय सिंह, विवेक सिंह, निर्भय सिंह एवं अभिषेक सिंह ने जहर देकर मार डाला। रामकृष्ण का आरोप है कि पिता हरिनारायण की पैतृक 20 बीघा जमीन को उसके छोटे भाई जय सिंह के चार लड़कों के नाम दो साल पहले वसीयत करा लिया गया। ननिहाल सिंघापुर भटौली की 24 बीघे जमीन में आठ-आठ बीघे जमीन तीनों भाइयों के नाम दर्ज है। जमीन हथियाने के चलते उसके पिता की हत्या कर दी गई। उधर, जय सिंह बहादुर का कहना है कि पिता की बीमारी की वजह से मौत हुई है। थानेदार राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक हरि नारायण सिंह बीमार थे। बीमारी के चलते उनकी मौत हुई है। तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो जाएगी।
जगतपुर थाना क्षेत्र में 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। बड़े बेटे की ओर से तहरीर देकर भाई और और भतीजों पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत की वजह सामने आ रही है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई होगी।- नीरज सिंह, सीओ डलमऊ