खाते से 50 हजार की ऑनलाइन ठगी
लालगंज (रायबरेली)। बेहटा कला गांव निवासी एक बीमा कंपनी का एजेंट बुधवार को ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया।
ठगों ने फोन पर एटीएम कार्ड नंबर व आधार नंबर पूछकर उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। हालांकि अभी पीड़ित ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
बेहटाकला गांव निवासी चंद्रपाल यादव ने बताया कि वह बीमा कंपनी में एजेंट है। उसका खाता एसबीआई की सरेनी शाखा में है।
बुुधवार को एक व्यक्ति ने उसे फोन कर खुद को ब्रांच मैनेजर बताया और आधार नंबर अपडेट न कराने पर एटीएम बंद होने की बात कही।
इस पर चंद्रपाल ने ठग को आधार नंबर व एटीएम कार्ड का नंबर बता दिया। फोन पर जानकारी देते ही उसके खाते से रुपये निकलने लगे।
जब तक वह एसबीआई की सरेनी शाखा पहुंचता, उसके खाते में जमा करीब 50 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। पीड़ित ने बताया कि उसने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।