लूटपाट का आरोपी गिरफ्तार
रोहनियां (रायबरेली)। दुकानदार के साथ लूटपाट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार है। इसके पास से पुलिस ने ढाई हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कमोली गांव निवासी नीरज गुप्ता रामचंद्रपुर रेल क्रॉसिंग के पास मिठाई की दुकान चलाता है। 23 मार्च को कमोली नहर पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर जेब में रखे सात हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया था। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि तेजभान यादव निवासी नेवादा बाबूगंज को पकड़ा गया है। उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूली भी है। साथ ही उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।