ट्रक और डंपर में भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल
- लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर बाबा का पुरवा गांव के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार को लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर ट्रक और डंपर में हुई भिड़ंत में ट्रक के खलासी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ऊंचाहार और जगतपुर में भर्ती कराया गया है।
रुद्रपुर से चाकलेट लादकर डंपर इलाहाबाद जा रहा था। बाबा का पुरवा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। जोरदार धमाके की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को ऊंचाहार व जगतपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने ट्रक के क्लीनर सूरज कुमार त्रिपाठी (23) पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव मझली थाना कूड़ेभार जिला सुल्तानपुर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल चालक सुनील कुमार निवासी गांव मदनचक थाना शिवरतनगंज जिला अमेठी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
उधर, जगतपुर सीएचसी पहुंचे डंफर के चालक सलमान निवासी रुद्रपुर जिला ऊधमपुर और खलासी आरुल निवासी चांदा जिला रामपुर का इलाज चल रहा है। गांव वालों ने बताया कि दोनों वाहन बहुत तीव्र गति से जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है।
इंसेट :
ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की जान गई
रायबरेली(ब्यूरो)। रायबरेली-लखनऊ रेलखंड पर सोमवार सुबह ट्रेन से कटकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। किला बाजार निवासी राम गोपाल (70) का सुबह चंदा देवी मंदिर के पास रेल ट्रैक पर शव मिलने से हड़कंप मच गया। जीआरपी ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। बुजुर्ग की मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। कार्यवाहक थानेदार चिंतामणि का कहना है कि रामगोपाल की ट्रेन से कटकर मौत हुई है। किस ट्रेन से हादसा हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।
इंसेट :
करंट से मजदूर की सांसें थमीं
सलोन (रायबरेली)। घर में टीवी बना रहे मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। अतरथरिया निवासी रमेश कुमार सरोज (32) मजदूरी करके अपने परिवार के साथ हंसी ख़ुशी रहता था। सोमवार को बच्चे अपने घर में टीवी देख रहे थे, तभी अचानक टीवी बिगड़ गया। रमेश घर पर ही टीवी बनाने बैठ गया, तभी अचानक बिजली का करंट लगा और वो बेहोश हो गया। परिवारीजन उसको सलोन के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक रमेश की पत्नी माया देवी ने सलोन कोतवाली में सूचना दी है। उसने बताया कि मेरे छोटे छोटे चार बच्चे है।
इंसेट
हादसे में सफाई कर्मचारी ने तोड़ा दम
- ग्रामीणों ने हंगामा करके लगाया जाम
अमार उजाला ब्यूरो
महराजगंज (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गऊघाट के निकट सोमवार देर शाम एक सफाई कर्मचारी की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम करके पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर मजरे जमुरावां गांव निवासी राजेश कोरी (26) ब्लॉक महराजगंज में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था। सोमवार को बाइक से किसी काम से हैदरगढ़ की तरफ जा रहा था। महराजगंज हैदरगढ़ मार्ग पर गऊघाट के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। इस घटना से नाराज आसपास के लोगों ने रोड जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। इस घटना की सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर हंगामा करने वालों को शांत कराया और जाम हटवाया।