डीह ब्लॉक में भी आवासों में घपला, वसूली के आदेश
डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहुतई में भी प्रधानमंत्री आवास में जमकर घपला किया गया है। पात्रों की आईडी पर अपात्रों को आवास दे दिए गए हैं। जांच में मनमानी के खुलासे के बाद तीन अपात्रों से वसूली के आदेश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत बहुतई में वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री आवास योजना में शकुंतला पत्नी जोधी की आईडी पर शकुंतला पत्नी हिरई को आवास दे दिया गया। श्रीराम पुत्र सूरजदीन की आईडी पर श्रीराम पुत्र फली को आवास दिया गया। गांव के ही पुत्तन को पक्का मकान होने के बाद भी आवास दे दिया गया। बीडीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी सुनील भास्कर की जांच में खुलासा होने के बाद अपात्र पाए गए लाभार्थियों से पहली किस्त की वसूली के आदेश दिए गए हैं।