रायबरेली। सदर भाजपा विधायक अदिति सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर एम्स के विस्तार का अनुरोध किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का काम जल्द पूरा कराने के लिए अवशेष धनराशि शीघ्र जारी करने की मांग की। विधायक ने बताया कि ब्लॉक के निर्माण पर 33.24 करोड़ रुपये खर्च होने हैं, जबकि अब तक 17.16 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। शेष धनराशि न मिलने से निर्माण निर्धारित समय में पूरा नहीं हो सका। काम पिछले वर्ष ही पूरा होना था। उन्होंने कहा कि एम्स रायबरेली व आसपास के जिलों के लाखों लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद है। गंभीर बीमारी, दुर्घटना और आपात स्थिति में क्रिटिकल केयर सुविधा बेहद महत्वपूर्ण है।