रायबरेली। शहर में गुरुवार रात शरारती तत्वों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनीमाधव बक्श सिंह की प्रतिमा पर कालिख पोत दी। प्रतिमा को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। पुलिस ने प्रतिमा की साफ-सफाई कराई। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनीमाधव बख्श सिंह की प्रतिमा लगी है। गुरुवार रात किसी ने प्रतिमा पर कालिख पोत दी और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होने पर शुक्रवार को राना बेनीमाधव बख्श स्मारक समिति के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना पर नाराजगी जताई।
कोतवाल ने बताया कि प्रतिमा की साफ-सफाई करा दी गई है। आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर कालिख पोतने वालों की पहचान की जा रही है। अज्ञात लोगों पर प्रतिमा पर कालिख पोतने, प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का केस दर्ज किया गया है।
उधर, राना बेनीमाधव बख्श सिंह स्मारक समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने घटना की निंदा की। कहा कि ऐसा दूसरी बार हो रहा है। जिला प्रशासन इस विषय में कठोर कार्रवाई करे और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमरनायकों को अपमानित करने वाले लोगों की पहचान करे। जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें घटना से अवगत कराएगा।