रायबरेली। सदर तहसील में 27 अगस्त को एंटी करप्शन टीम की ओर से घूस लेते रंगेहाथ पकड़े गए एसडीएम के अहलमद (फौजदारी) को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में पहले ही पेशकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया गया था। अब विभागीय कार्रवाई की गई है।
बछरावां ब्लॉक के चक इसिया गांव निवासी गया प्रसाद का जमीन विवाद में 151 में चालान किया गया था, जिसका मुकदमा एसडीएम कोर्ट में चल रहा था। मुकदमा खत्म कराने के लिए पेशकार ने घूस मांगी थी।
गया प्रसाद ने लखनऊ स्थित भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मुख्यालय में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 27 अगस्त को एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील पहुंचकर पेशकार अमित मौर्य को तीन हजार रुपये घूस लेते हुए पकड़ लिया था।
घूस लेते पकड़े जाने के बाद पेशकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया गया था। अब उसे निलंबित कर दिया गया है। डीएम माला श्रीवास्तव ने बताया कि सदर एसडीएम के अहलमद (फौजदारी) को एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा था। उसे अब निलंबित कर दिया गया है। पेशकार के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है।