रायबरेली। अमृत सरोवर कार्य के निरीक्षण के दौरान मनरेगा के डिप्टी कमिश्नर जीपी कुशवाहा के साथ अभद्रता करने वाले ग्राम विकास अधिकारी विशाल यादव को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। वीडीओ को राही ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध करके विभागीय कार्रवाई के लिए अंतिम जांच राही के बीडीओ को सौंपी गई है।
डिप्टी कमिश्नर शनिवार को सलोन ब्लॉक क्षेत्र के रेवली में निर्माणाधीन अमृत सरोवर के काम का जायजा लेने पहुंचे थे। ग्राम विकास अधिकारी विशाल यादव ने अधिकारी के साथ अशोभनीय बर्ताव किया था। अमर्यादित भाषा का प्रयोग भी किया था।
उपायुक्त मनरेगा ने जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजकर ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की थी। डीडीओ ने बुधवार को सचिव विशाल यादव को निलंबित कर दिया।
मनरेगा के डिप्टी कमिश्नर के साथ अशोभनीय बर्ताव व अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी