डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बेकाबू डीसीएम ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पूरे जबर मजरे करकसा गांव निवासी श्यामलाल (55) साइकिल से साधन सहकारी समिति, मधुकरपुर यूरिया लेने गया था।
दोपहर करीब तीन बजे वह दो बोरी यूरिया लेकर पैदल घर जा रहा था। मुंशीगंज-डलमऊ राजमार्ग पर चौदहमील के पास डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
खीरों। थाना क्षेत्र के सेमरी चौराहे के पास शनिवार को ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। एक अन्य घटना में डंपर की टक्कर से टेंपो पर सवार तीन लोग चोटिल हो गए। सेमरी चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास कार में ट्रक ने टक्कर मार दी और कुछ दूर जाकर पलट गया। टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उस पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। मानपुर निवासी कार मालिक संजय ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
एसओ देवेंद्र अवस्थी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जाएगी। इसी तरह गौतमन खेड़ा गांव के पास डंपर ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो पर सवार तीन यात्री घायल हुए, लेकिन मामूली चोटें लगने के कारण वह अपने घर चले गए। इस वजह से नाम पता नहीं चल पाया है।