रायबरेली। रोक के बाद भी चाइनीज मांझे की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। गुरुवार को भी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके गले में सात टांके लगाए गए हैं।
शहर के खतराना मोहल्ला निवासी कमल सैनी (38) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बाजार गया था। खरीदारी के बाद वह पैदल घर जा रहा था। तभी मोहल्ले के पास अचानक उसके गले में आकर चाइनीज मांझा फंस गया और उसका गला कट गया।
युुवक को खून से लथपथ देखकर लोग दंग रह गए। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। उसके गले में सात टांके लगे हैं। बुधवार को भी सिविल लाइन इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गढ़ी खास गांव निवासी रेलकर्मी राहुल आनंद श्रीवास्तव (38) का गला कट गया था।
उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा का कहना है कि पतंग की दुकानों पर छापा मारा गया था लेकिन दुकानों पर चाइनीज मांझा नहीं पाया गया। दुकानदारों को चिह्नित किया जा रहा है।