रायबरेली-सरेनी। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सरायं दिलावर गांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद (37) किसान था। गुरुवार रात नौ बजे वह जिला मुख्यालय से बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था।
मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग स्थित मनेहरू गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से लक्ष्मी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसकी मौत हो गई। थानेदार यशकांत सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
उधर, सरेनी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी राजकुमार (55) शुक्रवार को अपनी बेटी पूनम (21) के साथ मां मंशा देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। वहीं पूरे सुकुरु गांव निवासी राहुल (20) बाइक पर सवार होकर निसगर की ओर जा रहा था।
रास्ते में रनापुर मोड़ के पास दोनों बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार राजकुमार की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी बाल-बाल बच गई। वहीं दूसरा बाइक सवार राहुल घायल हो गया। थानेदार हरिकेश सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
मूकबधिर महिला के साथ छेड़खानी
रायबरेली। भदोखर में एक मूकबधिर महिला के साथ छेड़खानी की गई। गांव निवासी एक व्यक्ति का आरोप है कि उसकी मूकबधिर पत्नी दो नवंबर की रात धान पीटने खेत गई थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला रामदास उसे घसीटकर जंगल की तरफ ले गया और उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी। थानेदार यशकांत सिंह ने बताया कि रामदास के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांजा होने की आशंका पर प्रधान समेत तीन घरों पर छापा
ऊंचाहार। रोहनिया ब्लॉक के कमालपुर गांव में गांजा बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस टीम ने प्रधान समेत तीन घरों पर छापा मारा। हालांकि छापामारी के दौरान घरों से गांजा नहीं मिला। एसडीएम आशीष मिश्रा, सीओ अशोक कुमार सिंह, कोतवाल संजय त्यागी व आबकारी निरीक्षक खगेंद्र सिंह की टीम गांव पहुंची और एक साथ तीन घरों में छापामारी की। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गांजा होने की आशंका पर प्रधान समेत तीन घरों पर छापा मारा गया। हालांकि घरों से गांजा नहीं मिला।