शिवगढ़ (रायबरेली)। अयोध्या में परिक्रमा करके घर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को बाराबंकी जिले में बेकाबू डंपर ने रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत की खबर घर पहुंची तो घरवालों में रोना-पिटना मच गया।
शिवगढ़ के बदावर गांव निवासी राजकुमार (19) और आशीष कुमार (21) मंगलवार सुबह परिक्रमा करने के लिए बाइक से अयोध्या गए थे। परिक्रमा करके बुधवार शाम घर वापस आ रहे थे। तभी बाराबंकी जिले में हैदरगढ़-महराजगंज मार्ग पर नैनखेड़ा चौराहे के पास अनियंत्रित डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।
इससे राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष कुमार घायल हो गया। घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत में सुधार होना बताया जा रहा है। सूूचना मिलने पर ग्राम प्रधान शिवप्रकाश द्विवेदी घरवालों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रधान ने बताया कि राजकुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हैदरगढ़ के कोतवाल ने बताया कि हेलमेट लगाए था लेकिन हेलमेट की बेल्ट न बांधने से सिर पर चोट लग गई।