सलोन (रायबरेली)। बैरमपुर गांव में खेत की जोताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर ट्रैक्टर चालक के शरीर के टुकड़े हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है। इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया।
करहिया चौकी क्षेत्र के बैरमपुर निवासी बबलू पटेल (21) गांव के ही राकेश गुप्ता का ट्रैक्टर चलाता था। गुरुवार तड़के वह गांव के प्रदीप सिंह निवासी बसंतपुर के खेत की रोटावेटर से जोताई कर रहा था। इसी दौरान उसे चक्कर आ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिरकर रोटावेटर में फंस गया। इससे उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची बबूल की मां धनऊ बेटे की लाश को टुकड़ों में देखते ही बेहोश होकर गिर पड़ी। करहिया चौकी पुलिस ने शव को किसी तरह पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि कृषि कार्य करते वक्त अचानक युवक रोटावेटर के नीचे गिर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
नहीं थम रहे मां-बाप के आंसू
बैरमपुर गांव में हुए हादसे में घर के इकलौते चिराग के बुझने से बूढ़े मां-बाप के आंसू नहीं थम रहे हैं। पिता जगन्नाथ ने बताया कि उसने अपने लाल को मना किया था कि आज कहीं न जाए, लेकिन वह बात नहीं माना। बहन नीतू भी रो-रोकर बेहाल हो रही है। मां ने रोते-रोते कहा कि उसे क्या पता कि जिस ट्रैक्टर से परिवार के लिए बेटा दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कर रहा है, वही उसके लिए काल बन जाएगा।