डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे बाइक सवार समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में इलाज कराया गया। हादसे के बाद चालक कार समेत भाग गया।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के सत्तू का पुरवा मजरे संदीनागिन गांव निवासी अजय कुमार अपनी ससुराल पूरे रामनारायण गांव जा रहा था।
डीह-परशदेपुर मार्ग पर सभा का पुरवा मजरे जगदीशपुर गांव के पास बेकाबू कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बिजली के पोल से टकरा गई। इससे पोल टूट गया, जिसकी चपेट में आकर वहीं पर खड़ा चिंटू निवासी रामनरायन का पुरवा मजरे जगदीशपुर घायल हो गया।
सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक रामनरेश व आशीष कुमार ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष पंकज सोनकर ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पोल टूटने से आसपास के करीब 15 घरों की बिजली बंद हैं। संवाद