महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली पुलिस ने लापता भूस्वामी की जगह खड़े होकर उसकी जमीन का दूसरे के नाम बैनामा करने वाले जालसाज को गिरफ्तार कर लिया है। तहसील महराजगंज क्षेत्र के पूरे बाबूजी मजरे पाली गांव निवासी चंद्रकली का पति जानकी सिंह करीब 40 साल पहले लापता हो गया था। लापता व्यक्ति के नाम से तहसील में खड़े होकर किसी और ने उसकी जमीन दूसरे के नाम बैनामा कर दिया था। इस मामले में करीब एक माह पहले चंद्रकली ने पूरे गुजरन मजरे पहरेमऊ निवासी शरीफ के खिलाफ एफआईआर लिखाई थी। पुलिस ने शरीफ को पहले ही जेल भेज दिया था। अब फर्जी रूप से जानकी सिंह बनने वाले रामलाल लोध निवासी दयालपुर मजरे कंदरावां थाना ऊंचाहार को भी सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल डीसी श्रीवास्तव ने बताया कि रामलाल पांच हजार रुपये लेकर फर्जी जानकी सिंह बना था।