फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रातभर गूंजता रहा भागो-भागो बाढ़ आ गई

Sat, 14 Jun 2014 05:31 AM IST
Raebareli
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। चार मोहल्ले के लोग गुरुवार की रात शायद ही कभी भूल पाएं। शाम तक सब कुछ ठीक ठाक था, लेकिन रात में अचानक ऐसा हुआ कि लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी। मोहल्लों के घरों में पानी पहुंचते ही लोगों में अफरातफरी मच गई। उनके सामने बाढ़ जैसा मंजर था। बस ही एक आवाज गूंजती रही कि भागो-भागो बाढ़ आ गई। हर कोई जान बचाकर बागों में शरण लेता रहा। सुबह हुई, लेकिन पानी भरा होने के कारण वह घरों को नहीं जा सके। भूखे रहे, लेकिन अफसरों की ओर से खाने-पीने की व्यवस्था नहीं कराई गई। मीरगंज मोहल्ले के रामलखन कहते हैं कि वह सो रहे थे। अचानक रात में उन्हें सुनाई पड़ा, भागो-भागो बाढ़ आ गई। पहले तो वह कुछ समझ नहीं पाए। बाद में अन्य परिवारीजनों को जगाया। जानकारी हुई कि शारदा नहर की पटरी कट गई है। पानी मोहल्लों में भर आया है। कई लोगों के मकान और छप्पर ढह गए। इस पर भागकर बाग में शरण ली। यहीं की रहने वाली सुनीता भी कहती हैं कि इतनी बड़ी आफत आ जाएगी, उन्होंने कभी सोचा नहीं था। वह सो रही थी। जानकारी होने पर बच्चों के साथ घर छोड़कर बाग में चली आई। घर का नुकसान होगा, लेकिन कम से कम हम तो सुरक्षित रहेंगे। यही दर्द मो. नईम, दिनेश कुमार व पुत्तू का भी था। मीरगंज ही नहीं, बल्कि जैतूपुर, महुवारी का पुरवा और औद्योगिक क्षेत्र के लोग भी परेशान रहे। घरों में पानी भरा होने के कारण लोग ठीक तरीके से सो नहीं पाए। पानी इस कदर मोहल्लों में भरा था कि अधिकतर लोग तो घरों में ही कैद रहे। उनमें दहशत थी और यही चिंता सता रही थी कि कहीं घर ढह न जाए। ऊपर वाले का शुक्र था कि कई घर और छप्पर ढहे, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। चारों मोहल्लों में रातभर भागो-भागो बाढ़ आ गई की आवाज गूंजती रही। इससे लोगों में हड़कंप रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें