लालगंज। लालगंज-फतेहपुर मार्ग स्थित एक ढाबा के सामने शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक अन्य ट्रक के खलासी को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत खलासी बाराबंकी जिले का निवासी है। मृतक के चाचा ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद निवासी पवन (19) पुत्र रघुराज ट्रक संख्या यूपी 41 टी 6581 में खलासी था। उसके ट्रक के ड्राइवर ने शुक्रवार को आधी रात के बाद ढाबे पर चाय पीने के लिए ट्रक को रोका था। ट्रक रुकने के बाद पवन चाय पीने के लिए सड़क पार कर ढाबे की ओर जाने लगा। उसी समय फतेहपुर से लालगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक के चाचा उमेशचंद्र ने बताया कि ट्रक चालक प्रमोद कुमार निवासी फतेहपुर ने फोन से उन्हें इस हादसे की सूचना दी। पुलिस ने उमेश की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।