रायबरेली। सात साल बाद एक बार फिर माध्यमिक शिक्षक संघ का चुनाव रविवार को युद्ध का मैदान बन गया। आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज में सुबह से शुरू हुई वोटिंग को लेकर दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी ताकत का एहसास कराया। दोपहर बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। मतदान के दौरान ही कहासुनी और हाथापाई की नौबत आ गई। एक-दूसरे के कॉलर पकड़ने तक मामला पहुंच गया। एक-दूसरे पक्ष को देख लेने की धमकी तक दी गई। किसी तरह विवाद को शांत करने का प्रयास किया गया, लेकिन शाम तक दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति रही। बच्चों को अच्छी तालीम देने वाले शिक्षक खुद ही चुनावी अखाड़े में एक-दूसरे से भिड़ते नजर आए। शनिवार को नामांकन पत्र जमा होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष जगजीवन शुक्ल व उनके मंत्री अरुण कुमार त्रिपाठी आमने-सामने आ गए। दोनों दिग्गजों के मैदान में आने के बाद चुनाव और दिलचस्प हो गया। रविवार सुबह मतदान के साथ ही दोनों पक्षों के समर्थकों में गहमागहमी शुरू हो गई। दोपहर तक गुस्सा सामने भी आ गया। एक वोट को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। कहासुनी के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई। करीब आधे घंटे तक विवाद के बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ, लेकिन दोनों पक्षों में तनातनी का माहौल बना रहा।