रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्र्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराने के बाद खड्ड में जा घुसी। इससे बोलेरो पर सवार हरदोई जिले के जिला पंचायत राज अधिकारी और चालक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डीपीआरओ ने दम तोड़ दिया। चालक का कहना है कि स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के रामगढ़ कला गांव निवासी दयाशंकर सिंह (59) पुत्र देवदत्त सिंह मौजूदा समय में हरदोई जिले में डीपीआरओ पद पर तैनात थे। दिवाली की छुट्टी पर वह घर गए हुए थे। गुुरुवार की रात बोलेरो संख्या यूपी 30 टी 1258 पर सवार होकर हरदोई जा रहे थे। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई। चालक उसे संभाल नहीं सका। गाड़ी सड़क किनारे जाकर पहले पेड़ से टकराई और फिर खड्ड में जाकर पलट गई। हादसे में डीपीआरओ और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर दुर्घटना की सूचना पर मिल एरिया थानेदार आरपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुुंचे। पुलिस ने डीपीआरओ और चालक मो. अरबीन निवासी पिंडारी थाना सांडी जिला हरदोई को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डीपीआरओ को मृत घोषित कर दिया गया। सुबह शहर पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। सिटी मजिस्ट्रेट चित्रलेखा सिंह समेत अन्य अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे।