ग्रामीणों ने खंड प्रेरक व वीडीओ को बनाया बंधक
हरचंदपुर। पूरे मोहारी गांव में निर्मल भारत मिशन के तहत प्रसाधन बनवाने के नाम पर हो रही खानापूर्ति से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सर्वे करने गए खंड प्रेरक तथा ग्राम विकास अधिकारी को बंधक बना लिया। अधूरे प्रसाधनों को पूरा कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर उन्हें छोड़ा।
2012-13 में समग्र ग्राम रहे गुलूपुर के पूरे मोहारी गांव में निर्मल भारत अभियान के 345 शौचालयों का निर्माण कराया गया था।
बुधवार दोपहर बाद शौचालयों का सर्वे करने पहुंचे खंड प्रेरक कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने शौचालय की फोटो खींचनी शुरू कर दी।
तभी वहां पर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण आ पहुंचे और गांव में शौचालय बनाए जाने के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया।
भड़के ग्रामीणों राम बहादुर सिंह, देशराज, गुरुदेव, रामखेलावन, मंशाराम आदि ने खंड प्रेरक को जबरन बैठा लिया और अपने अधिकारियों को बुलाने की बात कही।
सूचना पर पहुंचे ग्राम विकास अधिकारी संजय सिंह से ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। समस्या का हल न होते देख ग्रामीणों ने उन्हें भी बैठा लिया।
काफी देर बाद ग्राम विकास अधिकारी के शौचालय निर्माण में हुई धांधली की जांच कराकर ठोस कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।