आज निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी
रायबरेली। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.अ.) की यौमे पैदाइश (बारह रबीउल अव्वल) पर शनिवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। एदारा-ए-शैरया के संयोजन में निकलने वाले इस जुलूस में मदरसों के बच्चों के साथ ही शहर व आसपास के कस्बों से आने वाली 40 से अधिक अंजुमन शिरकत करेंगी। एदारा-ए-शरैया के साथ ही शिरकत करने वाली अन्य अंजुमनों ने जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियां पूरी कर ली हैं। एदारा-ए-शरैया के नाजिम-ए-आला मौलाना अरबीउल अशरफ ने बताया कि इस बार 38वां जुलूस निकलेगा। जुलूस के स्वागत के लिए 35 गेट लगाए जाएंगे। यह जुलूस सुबह 9 बजे खिन्नी तल्ला स्थित एदारा-ए-शरैया से निकलेगा, जो अपने परंपरागत रास्तों खोया मंडी, कैपरगंज, घंटाघर चौराहा, रेलवे स्टेशन, डबल फाटक, जहानाबाद चौकी, कहारों का अड्डा होते हुए वापस खिन्नी तल्ला चौराहा पहुंचेगा, जहां सलातो सलाम व दुआ पर जुलूस का समापन होगा है। राष्ट्रीय जागरूक मुस्लिम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आफताब अहमद ने सर्वश्रेष्ठ अंजुमनों को पुरस्कृत करने की बात कही है।