दर्द से कराहती रही प्रसूता, हंगामा
ऊंचाहार (रायबरेली)। सीएचसी में प्रसव पीड़ा से कराहती रही, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसीएमओ से शिकायत किए जाने पर उसे भर्ती किया गया। बताते हैं कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष राज कुमार तिवारी के छोटे भाई अजय कुमार की पत्नी रेशमा को प्रसव पीड़ा होने पर परिवारीज गुरुवार को सीएचसी पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक और नर्स ने उसे जमीन पर बैठा दिया। परिवारीजनों को एक पर्ची थमाकर बाहर से दवा लाने की बात कही। परिवारीजनों के बाहर से दवा लाने से मना करने पर प्रसूता का इलाज नहीं किया गया। इस बीच प्रसूता दर्द से कराहती रही। परिवारीजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच एसीएमओ डॉ. कृष्णा सोनकर सीएचसी पहुंच गई। परिवारीजनों ने उनसे शिकायत कर दी, तब कहीं जाकर प्रसूता को भर्ती किया गया। सीएमओ डॉ. डीके सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो इसकी जांच कराई जाएगी।