...और जब कप्तान ने रोकी गाड़ी, घायल को पहुंचाया अस्पताल
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे चोटें आई। उधर से गुजर रहे एसपी शिव हरी मीणा ने यह देखा तो गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद बेहोश पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया। एसपी शिव हरी मीणा हरचंदपुर क्षेत्र से जिला मुख्यालय आ रहे थे। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर प्यारेपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मार दी थी, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गया था। सड़क पर पड़ा था। यह देख एसपी ने पीआरओ पंकज त्रिपाठी से गाड़ी रुकवाने के लिए कहा। एसपी गाड़ी से उतरे। युवक के पास गए और एंबुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी के बाद जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही उसका बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए। बेहोश होने की वजह से युवक के नाम पते की जानकारी नहीं हो पाई है।