प्रधानमंत्री आवासों की जांच करेगी हुडको की टीम
रायबरेली। गांवों में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों को देखने के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हुडको) की टीम आने वाली है। जिले में निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण के लिए राज्य के साथ ही केंद्र सरकार भी अंश उपलब्ध कराती है। प्रदेश में ग्रामीण आवासों के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने तीन हजार करोड़ रुपये का ऋण दिया है। इसी के चलते हुडको के अधिकारियों की टीम गुणवत्ता को जांचने के लिए आएगी। जांच किए जाने के बाद ही दूसरी किस्त मिलेगी। ग्राम्य विकास आयुक्त पीएस शर्मा ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। पीडी इंद्रसेन सिंह ने बताया कि सभी बीडीओ को निर्देशित कर दिया गया है, कि ग्राम पंचायत व विकास अधिकारियों हुडको की टीम से आवासों की जांच कराने में सहयोग करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।