जल भराव की समस्या से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
रायबरेली (ब्यूरो)। नगर पालिका क्षेत्र के सोनिया नगर में जल भराव की समस्या से नाराज नागरिकाें का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सभी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित डीएम दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। कहा कि मोहल्ले में जल निकासी की सुविधा नहीं होने परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले के सुरजीत कुमार, अवधेश, अभिषेक, मनीराम ने बताया कि जल निकासी के लिए मोहल्ले में नाला बना है, लेकिन नाले से पानी नहीं निकल पाता है। उसी नाले में भरा रहता है। बरसात के समय नाले का पानी उफनाकर घरों में घुसने लगता है। यह समस्या कई सालों से है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। नागरिकों ने बताया कि पंप सेट लगाकर नाले का पानी बाहर निकाला या फिर नाले से जल निकासी का प्रबंध किया जाए। सभी ने कहा कि यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।