फिरोज गांधी फीडर का तार टूटा, बिजली गुल
रायबरेली (ब्यूरो)। विद्युत उपकेंद्र इंदिरा नगर से निकले फीरोज गांधी फीडर का तार टूटकर जमीन पर आ गिरा। इससे छोटा घोसियाना, बड़ा घोसियाना, गांधी नगर, सोनिया नगर सहित अन्य मोहल्लों की बत्ती गुल रही। आधी रात से उपभोक्ता अंधेरे में रहे। गर्मी से लोगों को दो चार होना पड़ा। तीन दिन पहले इसी फीडर का तार बरगद चौराहे के पास टूट गया। इसमें एक युवक करंट की चपेट में आने से झुलस गया था। उपभोक्ता आकाश कुमार, बल्लू, अमित कुमार आदि ने बताया कि रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक बिजली गुल रही। हालांकि अवर अभियंता संजय त्रिवेदी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे इंसुलेटर पंचर होने से तार टूट गया है। सुबह चार बजे तार जोड़कर आपूर्ति बहाल करा दी गई।