जिला पंचायत सदस्य की एसयूवी में लगाई आग
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बाल्हेमऊ गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य मो. इस्माइल ने पूरे अजबी मजरे ऐहार गांव निवासी धीरज यादव पर अपनी एसयूवी (बोलेरो) में आग लगा देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। आरोपी ने जनवरी में इस्माइल की दुकान से सीमेंट व मौरंग खरीदी थी। जिसका रुपया बाकी था। काफी दिन बीत जाने के बाद जब रुपया नहीं मिला तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। इसी बात की रंजिश को लेकर आरोपी ने गेट के भीतर खड़ी उसकी एसयूवी में रात को चुपके से आग लगा दी और भाग खड़ा हुआ। पड़ोसियों द्वारा बताए जाने पर गाड़ी की आग बुझाई गई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पड़ताल कराई जा रही है।