कार से मिले कंबल, बाइक पर मिली प्रचार सामग्री
तिलोई-फुरसतगंज (रायबरेली)। नगर पालिका जायस में सोमवार को एक कार से कंबल बरामद किए गए। कार सवार व्यक्ति कंबल के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर उसके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। वहीं एक बाइक सवार युवक के खिलाफ भी आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवक के पास से सपा की प्रचार सामग्री मिली है। जायस कस्बे में पुलिस की ओर से वाहन चेकिंग लगाई गई थी। नसीराबाद थाना क्षेत्र के परइया नमकसार गांव निवासी गोपाल कृष्ण शुक्ला की कार रोकी गई तो उसके अंदर 22 कंबल मिले। गोपाल का कहना है कि वह अपने भट्टे पर कंबल ले जा रहा था। कंबल के कोई दस्तावेज न दिखाने पर उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया। इसी दौरान गोरियाना जायस निवासी रिजवान बाइक से जा रहा था। चेकिंग के दौरान उसके पास से सपा की प्रचार सामग्री मिली। रिजवान के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। कोतवाल आरपी शाही ने बताया कि केस दर्ज करके जांच की जा रही है।