40 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे
रायबरेली। कई बार चेतावनी के बाद भी बिजली का बकाया बिल नहीं जमा करने वाले 40 उपभोक्ताओं के रविवार को कनेक्शन काट दिए गए। प्रत्येक उपभोक्ता का 50 हजार रुपये से ज्यादा बिजली बकाया है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन विवेक खन्ना के निर्देश पर सलोन एसडीओ प्रशांत गुप्ता की अगुवाई में छतोह, डीह, सलोन में अभियान चलाया गया है। एसडीओ ने बताया कि 40 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। इन उपभोक्ताओं का 23 लाख 38 हजार रुपया बकाया है। बकायेदारों के खिलाफ चलाए गए अभियान से लोगों में हड़कंप रहा। इस मौके पर डीह के अवर अभियंता सौरभ यादव, सलोन के अरविंद सिंह और छतोह के जीशान अंसारी मौजूद रहे।