योग्यता व क्षमता के अनुरूप करें कॅरिअर का चयन
रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से सोमवार को रतापुर स्थित संतकंवर राम इंटर कॉलेज में कॅरिअर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला सेवायोजन अधिकारी डीपी सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि यह शिविर अभिनव प्रयास व नूतन दिशाएं कार्यक्रम के तहत लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अपनी योग्यता व क्षमता के अनुरूप ही कॅरिअर का चयन करना चाहिए। कहा कि विश्व संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। इसका असर सबसे ज्यादा युवा वर्ग पर पड़ रहा है। अपने कॅरिअर के बारे में सोचिए और उसी पर अमल करना चाहिए। यही आप का लक्ष्य होना चाहिए। सुमित सिंह ने कहा कि आपको कॅरिअर बनाने के लिए सोचने का समय है। आपकी सोच ही आपके कॅरिअर बनाने में सहायक साबित होगी। तिरस्कार से बचने के लिए बेहतर है कि ऐसे व्यावसायिक कोर्स का चुनाव करें, जिसमें आपकी पर्याप्त अभिरुचि हो, आगे बढ़ने के अवसर हों। प्रधानाचार्य रामानंद शुक्ल ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा मंच संचालन संतोष कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर सेवायोजन कार्यालय के सर्वेश कुमार राय, धीरेंद्र सिंह, जमीर आदि मौजूद रहे।