रायबरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के बरखापुर में आरडीए की ओर से बनवाए जा रहे 235 फ्लैटों को पर्याप्त बजट नहीं मिल पा रहा है। पहली किस्त में 67 लाख और दूसरी किस्त में 2.35 करोड़ रुपये मिलने बाकी हैं। बजट के लिए डिमांड की गई है। भवन तैयार हो गए हैं। फिनिशिंग का काम बाकी है। दिसंबर 2023 तक गरीबों को फ्लैटों का आवंटन किया जाना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के बरखापुर में 235 फ्लैटों के निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 1.67 करोड़ की मांग की गई थी। शासन से एक करोड़ रुपये मिले थे। पहली किस्त में अब तक 67 लाख रुपये बाकी हैं। एक फ्लैट करीब 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। इसमें एक बेडरूम, लॉबी, किचन, स्नानघर और प्रसाधन शामिल किया गया है। साढ़े चार लाख की लागत से बन रहे ये फ्लैट गरीबों को महज दो लाख रुपये में ही दिए जाएंगे।
बिजली, पानी, सीवर आदि में खर्च होंगे 4.50 करोड़
बरखापुर में निर्माणाधीन फ्लैटों का काम पूरा होने के बाद 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बिजली, पानी, सीवर, नाला, सड़क आदि का काम अन्य विभागों से कराया जाएगा। इसके लिए भी शासन को डिमांड भेजी गई है। बजट आने के बाद यह काम भी शुरू कराया जाएगा। प्रस्तावित फ्लैटों में सीवर, पेयजल, सड़क, प्रकाश आदि की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शहर के बरखापुर में पहले चरण में 235 फ्लैटों का निर्माण कराया जा रहा है। भवन को 31 दिसंबर 2023 तक पूर्ण कराया जाना है। बजट के लिए शासन को डिमांड भेजी गई है। भवन का काम पूरा होने के बाद फिनिशिंग का काम कराया जा रहा है।
एम. अहमद, अधिशासी अभियंता, आरडीए