रायबरेली। जिले में पांच साल तक की आयु के बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए 13 से 24 फरवरी तक विशेष टीकाकरण पखवारे का शुभारंभ सोमवार से होगा। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पांच साल तक की आयु के शत-प्रतिशत बच्चों को टीका लगाने के उद्देश्य से 13 फरवरी से विशेष टीकाकरण पखवारा शुरू होगा। नियमित टीकाकरण जहां 12 जानलेवा बीमारियों से बचाता है, वहीं कुपोषण से भी बचाता है और प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत करता है।
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि दो लाख 30 हजार 720 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 1272 टीमें गठित की गईं हैं। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। नियमित टीकाकरण से गलघोंटू, काली खांसी, खसरा, निमोनिया, वायरल डायरिया, दिमागी बुखार आदि जानलेवा बीमारियों से बचाव होता है।