वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ठकुराइन खेड़ा मजरे बकुलिहा गांव निवासी रमेश कुमार पाल (28) पुत्र राजकुमार का चचेरा भाई दिनेश कुमार मुंबई में रहता है। बुधवार को वह घर आ रहा था। उसे लेने के लिए रमेश सेमरी चौराहा गया था। उसके आने में विलंब होने के चलते रमेश सेमरी चौराहे से चौराहे एक किलोमीटर दूर कानपुर लालगंज मार्ग पर बाइक में पेट्रोल डलाने चला गया। वहां से लौटते समय जगन्नाथगंज के पास अज्ञात वाहन टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक की छोटी बहन खुशबू का 17 नवंबर को तिलक है। घर में इसकी तैयारियां चल रही थी। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। एसओ संजय सिंह ने बताया कि चचेरे भाई दिनेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पीएम के लिए भेजा गया है।