ट्रक ने रेलवे के गेट को तोड़ा, हाईवे जाम
रोहनियां (रायबरेली)। लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर ऊंचाहार कस्बे के पास स्थित 44ए क्रॉसिंग को शुक्रवार को इलाहाबाद जा रही मालगाड़ी पास कराने के लिए गेटमैन बंद कर रहा था। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रहे ट्रक ने गेट में टक्कर मार गेट तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रेल कर्मियों ने गेट को ठीक किया। इस बीच क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। लगभग एक घंटे हाईवे पर आवागमन बंद रहा। आरपीएफ इंचार्ज हरिदत्त शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाए। ट्रक चालक की खोजबीन की जा रही है।