जरूरतमंदों के सहयोग के लिए आगे आएंगे भाजपाई
रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को कैंप कार्यालय में बैठक हुई। इसमें रक्तदान शिविर आयोजित करने और पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का ब्लड ग्रुप का परीक्षण करने के लिए विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा अवध प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि दूसरों की जान बचाना पुण्य का काम है। इस कार्य के लिए भाजपा के हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता को आगे आना चाहिए। रक्तदान शिविर में भाजपाई न सिर्फ खून दान करेंगे, बल्कि किसी जरूरतमंद को ब्लड देने के लिए हर समय मौजूद रहेंगे। जल्द ही आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाजपाइयों के ब्लड ग्रुप का परीक्षण कराया जाएगा और फिर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने कहा कि इस काम में हर तरह की मदद की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का स्वागत किया। रक्तदान कार्यक्रम का संयोजक विशाल पांडेय को बनाया गया है। इस मौके पर जयतलरेजा, आनंद रस्तोगी, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।