155 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
रायबरेली। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (महिला) गोरा बाजार में दो दिवसीय कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न शाखाओं के 200 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। गुजरात की एक कंपनी से आए अधिकारियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेने के बाद उन्हें चयनित किया। इस दौरान राजकीय आईटीआई की सलोन शाखा से 10, ऊंचाहार शाखा से 28, महिला शाखा से 90 एवं बछरावां शाखा से 27 अभ्यर्थी चयनित किए गए। इस तरह से 155 अभ्यर्थियों को रोजगार मिल सकेगा। राजकीय आईटीआई (महिला) की प्रधानाचार्य नुपूर कश्यप ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को पूरी लगन एवं निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कैंपस सेलेक्शन में इंटरव्यू के दौरान कार्यदेशक एसके मिश्रा ने भी सहयोग प्रदान किया।