बिजली समस्या पर नोडल अधिकारी का रोका रास्ता
ऊंचाहार (रायबरेली)। बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिले के नोडल अधिकारी का रास्ता रोक कर आक्रोश व्यक्त किया। तहसील से निरीक्षण के बाद वे गंगागढ़ गांव जा रहे अपर मुख्य सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी मो. इफ्तिखारु्ददीन को ग्रामीणों ने कंदरावा चौराहे पर रोक लिया। उन्होंने कार से उतरकर नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया और उनकी बात सुनी। ग्रामीणों ने बताया कि बमुश्किल चार से पांच घंटे की बिजली मिल पा रही है। धान की फसल सूख रही है। नहर में धूल उड़ रही है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने जल्द समस्या दूर कराने का भरोसा दिया। इस मौके पर सुनील पांडेय, रामू पांडेय, अमर पाल यादव, बजरंगी पासी, शांतिभूषण पांडेय आदि मौजूद रहे।